कांकेर के बाद कबीरधाम में मलेरिया की दस्तक, 35 ग्रामीण संक्रमित; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के बाद अब कबीरधाम जिले में भी मलेरिया के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। बोड़ला विकासखंड के मुड़वाही गांव में पिछले करीब 15 दिनों से मलेरिया का प्रकोप देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में विशेष जांच और उपचार अभियान शुरू कर दिया है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर अब तक 1,270 से अधिक ग्रामीणों की जांच की है, जिसमें 35 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में करीब छह बच्चे भी शामिल हैं। फिलहाल 20 मरीजों का इलाज झलमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, हाल के दिनों में गांव में अलग-अलग बीमारियों से तीन लोगों की मौत भी हुई है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों को मलेरिया से जोड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बोड़ला के बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि सभी संक्रमित मरीजों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने गांव में स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, नालियों की नियमित सफाई करने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने और उबालकर पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही गांव में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

बारिश के मौसम में हर वर्ष मुड़वाही गांव में मलेरिया का खतरा बढ़ने की बात सामने आती रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बुखार या मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *