रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक स्थित सुंदरानी हार्डवेयर दुकान में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसकी चपेट में आकर ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं। घटना में दुकान के बाहर खड़े छह से अधिक दोपहिया वाहन भी जल गए। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले सुंदरानी हार्डवेयर दुकान में लगी और देखते ही देखते पास की इलेक्ट्रॉनिक दुकान सहित आसपास की अन्य दुकानों तक फैल गई। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
हार्डवेयर दुकान से सटे ऑक्टोपस बार की ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों ने हालात गंभीर होते देख छत के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं आसपास के मकानों में रह रहे लोगों को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए निजी पावर प्लांटों की दमकलों की भी मदद ली गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया गया, जबकि देर रात तक कूलिंग और राहत कार्य जारी रहा।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई थी। तेज बारिश के बावजूद आग पर काबू पाने में काफी समय लगा। उन्होंने बताया कि ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। प्रशासन नुकसान का आकलन भी कर रहा है।