योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं, विकास कार्यों की गुणवत्ता पर दें विशेष ध्यान: डोमन सिंह

जगदलपुर । बस्तर संभाग में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में हुई बैठक में बस्तर संभाग आयुक्त श्री डोमन सिंह एवं वीबी-जी राम जी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के आयुक्त-सह-संचालक श्री तारणप्रकाश सिन्हा ने विभिन्न जिलों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में योजनाओं की प्रगति, मानव दिवस सृजन, अधोसंरचना निर्माण, लंबित कार्यों की पूर्णता सहित विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

विकास कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष जोर

संभाग आयुक्त श्री डोमन सिंह ने कहा कि बस्तर संभाग शासन की विशेष प्राथमिकता वाला क्षेत्र है और यहां विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ अधोसंरचना एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।

रणनीति बनाकर कार्यों को गति देने के निर्देश

आयुक्त-सह-संचालक श्री तारणप्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए ठोस रणनीति बनाकर कार्यों को गति देने को कहा। उन्होंने बताया कि योजनाओं के लिए बजट की कमी नहीं है। उन्होंने ग्राम पंचायतवार बजट प्रावधान और कार्यों के लिए ग्रामसभा से अनुमोदन की अनिवार्यता की जानकारी दी।

बस्तर की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण एवं जल संवर्धन, नदियों के कैचमेंट एरिया के विकास और ग्रामीणों की आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। बारिश के बाद अधोसंरचना से जुड़े श्रममूलक कार्यों को तेजी से संचालित करने तथा वन एवं उद्यानिकी विभाग के समन्वय से पौधरोपण कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया।

प्राथमिकता वाले कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर

श्री सिन्हा ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले बालिका शौचालय, मुक्तिधाम और बोरवेल रिचार्ज जैसे कार्यों को प्राथमिकता से स्वीकृत कर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में वीबी-जी राम जी के तहत मानव दिवस सृजन की स्थिति की समीक्षा की।

बैठक में पिछले चार वर्षों में सृजित मानव दिवस, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं वीबी-जी राम जी के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, अधूरे मनरेगा कार्यों, लंबित ई-केवाईसी और भुगतान की स्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना की भी हुई समीक्षा

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2024-26 के कार्यों, आवास निर्माण की प्रथम किस्त के गैप, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना और विशेष परियोजना के तहत पुनर्वासित हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ देने की स्थिति की जानकारी ली गई।

अधिकारियों को लंबित आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बस्तर संभाग के सभी जिलों के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आरईएस विभाग के कार्यपालन अभियंता, एपीओ मनरेगा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *