नएमडीसी में स्थानीय भर्ती को प्राथमिकता की मांग, खदान मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा तीन सूत्रीय ज्ञापन

किरंदुल। खदान मजदूर संघ, संबद्ध भारतीय मजदूर संघ, शाखा किरंदुल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम उनके सलाहकार एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्री आर. कृष्णा दास को राजधानी रायपुर स्थित उनके कार्यालय में तीन सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। संघ ने एनएमडीसी लिमिटेड के बीआईओएम किरंदुल एवं बचेली कॉम्प्लेक्स में एल-01 और एल-02 पदों पर होने वाली भर्तियों में स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की मांग प्रमुखता से उठाई।

संघ ने मांग की है कि स्थानीय युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में विशेष लाभ देने के लिए ठोस प्रावधान किया जाए। इसके लिए पूर्व में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल द्वारा बस्तर संभाग के अभ्यर्थियों को दी गई प्राथमिकता का उदाहरण देते हुए 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा बस्तर संभाग से उत्तीर्ण करने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 20 अंक का बोनस देने जैसी व्यवस्था एनएमडीसी की एल-01 एवं एल-02 भर्ती में लागू करने का सुझाव दिया गया।

ठेका श्रमिकों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता की मांग

मांगपत्र में ठेका श्रमिक के कार्यों में भी केवल स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर नियोजित करने की मांग की गई है। संघ का कहना है कि क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ स्थानीय युवाओं को मिलना चाहिए।

कौशल विकास प्रशिक्षण फिर शुरू करने की मांग

खदान मजदूर संघ ने पूर्व की भांति स्थानीय युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किए जाने की मांग भी रखी है। संघ के अनुसार कौशल विकास प्रशिक्षण से स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के लिए आवश्यक दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी और उन्हें एनएमडीसी एवं अन्य औद्योगिक संस्थानों में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

इस अवसर पर खदान मजदूर संघ, संबद्ध भारतीय मजदूर संघ, शाखा किरंदुल के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, महेंद्र कुमार एवं डी.के. देशमुख विशेष रूप से उपस्थित रहे। संघ ने स्थानीय युवाओं के रोजगार और उनके हितों से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *