जगदलपुर । जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से 25 अगस्त को संसद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक कलेक्टोरेट स्थित आस्था हॉल में शाम 4 बजे से शुरू होगी।
बैठक की अध्यक्षता संसद सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं स्थानीय सांसद श्री महेश कश्यप करेंगे। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, जगदलपुर ने बैठक से जुड़े सभी सदस्यों और अधिकारियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों से जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों और आवश्यक उपायों की जानकारी भी ली जाएगी।
बैठक में समिति के सदस्य सचिव एवं कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा तथा जिले के विधायकगण विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा नगर निगम आयुक्त, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और यातायात पुलिस प्रभारी भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।
संसद सड़क सुरक्षा समिति की यह बैठक जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था विकसित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक कदमों पर समन्वित चर्चा का महत्वपूर्ण मंच होगी।