मुंगेली। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायत सिलदहा के पंचायत सचिव भूपत राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला पथरिया विकासखंड के ग्राम सिलदहा में स्वीकृत सीसी रोड निर्माण और जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही से जुड़ा है।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच
ग्राम सिलदहा निवासी मनोज वर्मा और अजय राजपूत ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव में स्वीकृत सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया है। साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
शिकायत मिलते ही कलेक्टर कुंदन कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान पंचायत सचिव भूपत राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।
जांच में पाया गया कि स्वीकृति मिलने के बावजूद सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया और उच्च अधिकारियों के निर्देशों की लगातार अनदेखी की गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने पंचायत सचिव को गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1999 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि में यहां रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान पंचायत सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत पथरिया निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। वहीं, प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत बेलखुरी के पंचायत सचिव खांडेराम जांगड़े को ग्राम पंचायत सिलदहा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कलेक्टर ने दी सख्त चेतावनी
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन और आम जनता के बीच भरोसे का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही या आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।