नई दिल्ली। 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की तैयारियों के तहत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को प्रतियोगिता के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ और आधिकारिक ट्रेलर का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मयूर’ भारत के राष्ट्रीय पक्षी से प्रेरित है और ऊर्जा, उत्साह, जीवंतता तथा सकारात्मकता का प्रतीक है।
नई दिल्ली के द ललित होटल में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI), कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के पदाधिकारी, विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी और खेल जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं।
‘मयूर’ में दिखी वैश्विक एकता की झलक
शुभंकर ‘मयूर’ की खासियत उसके रंग-बिरंगे पंख हैं, जिनमें प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वजों को शामिल किया गया है। यह डिजाइन ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना, वैश्विक एकता और खेल भावना का संदेश देता है।
दिल्ली की वैश्विक पहचान होगी मजबूत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप की मेजबानी मिलना दिल्ली के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राजधानी पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी कर चुकी है और अब एक बार फिर विश्वस्तरीय आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना और राजधानी को देश की ‘स्पोर्ट्स कैपिटल’ के रूप में स्थापित करना है।
भारतीय टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि घरेलू मैदान पर भारतीय खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे और खिताब के प्रबल दावेदार होंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी।
27 जुलाई से शुरू होगी चैंपियनशिप
22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में होगा। सात दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 25 कॉमनवेल्थ देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, स्कॉटलैंड, वेल्स, केन्या, जमैका और त्रिनिदाद एवं टोबैगो सहित कई देशों के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
दिल्ली में बनेंगे पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
कार्यक्रम में शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी। इनमें तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस सहित कई खेलों के लिए विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिल्ली को वैश्विक खेल केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।