तिल्दा नेवरा । नगर पालिका परिषद तिल्दा नेवरा के सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 108 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने हितग्राहियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है और नगर पालिका परिषद भी क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक हितग्राही के खाते में कुल 2 लाख 82 हजार 850 रुपये की राशि पहुंचेगी। इसमें से 32 हजार 850 रुपये गृह प्रवेश के बाद संबंधित कार्यों में खर्च किए जाने हैं।
अधूरे आवास छोड़ने वाले ठेकेदारों से सावधान रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को कुछ ठेकेदारों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे ठेकेदारों की शिकायतें सामने आई हैं, जिन्होंने आवास निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ दिया है। उन्होंने हितग्राहियों से किसी भी ऐसे व्यक्ति के झांसे में नहीं आने की अपील की।
नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमिताभ शर्मा ने भी हितग्राहियों से आवास निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ कराने को कहा। उन्होंने बताया कि कुछ ठेकेदारों के खिलाफ हितग्राहियों से राशि लेने के बाद मकान अधूरा छोड़ने की शिकायतें मिली हैं। ऐसे मामलों में भविष्य में राशि की रिकवरी के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
प्रमाण पत्र पाकर हितग्राहियों में खुशी
भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा, सभापति ईश्वर यदु, सतीश निषाद, पार्षद गोविंद उर्फ बब्बन लालवानी, अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. खुमान वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि प्रेम कोसले, लक्ष्मी चंद नागवानी, अरुण अग्रवाल, सीएमओ अमिताभ शर्मा सहित नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष की ओर से सभी हितग्राहियों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।