गरियाबंद | छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. देवभोग पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध गाड़ी से करीब 130 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है. तस्कर गांजे को सब्जियों के कैरेट के नीचे छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे.
यह कार्रवाई देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव चेकपोस्ट पर की गई. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक वाहन भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू किया.
चेकिंग के दौरान एक वाहन को रोका गया, जिसमें ऊपर से सब्जियों के कैरेट लदे हुए थे. पुलिस को शक होने पर जब गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली गई, तो कैरेटों के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए. इसके बाद मौके पर ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.
पकड़े गए आरोपी की पहचान राहुल पांडेय के रूप में हुई है, जो गाजीपुर का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ओडिशा में यह गांजा किस गिरोह ने सप्लाई किया था और उत्तर प्रदेश में इसे कहां पहुंचाया जाना था. अधिकारियों का मानना है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है.
गौरतलब है कि सप्ताहभर के भीतर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है. इससे पहले भी ओडिशा सीमा पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के तस्करों को पकड़कर एक करोड़ रुपये से अधिक का गांजा बरामद किया था. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ओडिशा सीमा पर निगरानी और सख्त कर दी गई है तथा आने-जाने वाले वाहनों की लगातार जांच की जा रही है.