रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान 57 लोगों के HIV पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से घबराने की बजाय जागरूक रहने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर HIV संक्रमण की जांच कर रही है। जांच के दौरान जो लोग HIV पॉजिटिव पाए जा रहे हैं, उनके उपचार और परामर्श के लिए सरकार के पास पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि HIV संक्रमण की पुष्टि होने पर घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि समय पर उपचार और चिकित्सकीय सलाह से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। सरकार प्रभावित लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है।
नशे को बताया चिंता का विषय
श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि युवाओं में नशीले पदार्थों और इंजेक्शन आधारित नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों पर प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, ताकि संक्रमण के जोखिम को कम किया जा सके।
समाज और परिवार की भूमिका अहम
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि HIV जैसी गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। समाज, परिवार और समुदाय को भी जागरूक होकर लोगों को सही जानकारी देनी होगी तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाना होगा।
उन्होंने कहा कि जागरूकता, नियमित जांच और समय पर उपचार ही HIV संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण का सबसे प्रभावी माध्यम है। स्वास्थ्य विभाग प्रदेशभर में जांच, परामर्श और उपचार सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है।