चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई पार्टी छोड़ने जा रहे हैं। अन्नामलाई 5 जून को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा कर सकते हैं।
पार्टी आलाकमान ने उन्हें मनाने की कई कोशिशें कीं। अन्नामलाई ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने सौहार्दपूर्ण माहौल में पार्टी छोड़ने की इच्छा जताई। शीर्ष नेताओं ने उन्हें अपना फैसला बदलने का अनुरोध किया, लेकिन अन्नामलाई अब अपनी अलग पार्टी बनाने की दिशा में अग्रसर हैं।
अन्नामलाई का कहना है कि या तो उन्हें तमिलनाडु भाजपा की कमान सौंप दी जाए या फिर भविष्य में सहयोग का रास्ता खुला रखते हुए वे अपनी राह चुनें।
अन्नामलाई का भाजपा सफर:
- 2020 में भाजपा में शामिल हुए।
- महज 10 महीने में तमिलनाडु भाजपा के सबसे युवा प्रदेश अध्यक्ष बने।
- 2021 के विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद पार्टी को 4 सीटें दिलाईं, जिससे 20 साल बाद तमिलनाडु में भाजपा की वापसी हुई।
- 2024 लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु में भाजपा का वोट शेयर 3.66% से बढ़कर 11.24% हुआ।
हाल ही में उनके पोस्टर अभिनेता रजनीकांत और अजित के साथ मदुरै में लगाए गए, जिससे उनके समर्थकों ने उन्हें अलग राह चुनने के लिए प्रेरित किया।
अन्नामलाई के इस कदम से तमिलनाडु में भाजपा को बड़ा झटका लगने की संभावना है।