दक्षिण दिल्ली में पत्नी की गोली मारकर हत्या, आरोपी पति फरार; पुलिस जांच में जुटी

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 30 वर्षीय पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना संगम विहार के तिगड़ी क्षेत्र की है, जहां पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद आरोपी पति शुभम राजपूत ने अपनी पत्नी पर चार गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घरेलू विवाद की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और अक्सर झगड़े होते थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी का किसी अन्य महिला के साथ संबंध था, जिसके चलते दोनों के बीच तनाव बना रहता था।

परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी पत्नी को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था, जिसके चलते यह वारदात हुई।

सट्टेबाजी के आरोप भी सामने आए

मृतका के परिजनों ने आरोपी पर सट्टेबाजी में शामिल होने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के बैकग्राउंड की गहन पड़ताल की जा रही है।

FIR दर्ज, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। क्राइम और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से खाली कारतूस सहित कई अहम सबूत जुटाए हैं।

पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारी लगातार दबिश दे रहे हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *