पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: हार के बावजूद ममता बनर्जी का तेवर बरकरार, सोशल मीडिया बायो में बदलाव

पश्चिम बंगाल |पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC की करारी हार के बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का रुख नरम नहीं हुआ। शनिवार को भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने अपने पांच मंत्रियों के साथ बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, वहीं ममता ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बायो अपडेट कर एक अलग संदेश दिया।

शपथ ग्रहण से पहले तक ममता के ‘X’ बायो में “माननीय मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल” लिखा था, लेकिन शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के बाद उन्होंने इस पदनाम को हटा दिया। हालांकि, ममता ने अपने नाम के आगे ‘पूर्व मुख्यमंत्री’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। अब उनके बायो में खुद को “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री (15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा)” और तृणमूल कांग्रेस की संस्थापक अध्यक्ष के रूप में उल्लेख किया गया है।

सोशल मीडिया पर ममता के बायो अपडेट न करने को लेकर विवाद भी हुआ। कई यूजर्स ने एलन मस्क और ‘X’ को टैग कर बदलाव की मांग की, जबकि कुछ ने अकाउंट सस्पेंड करने की भी बात उठाई।

चुनावी नतीजे आने के बाद ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार किया था। 7 मई को राज्यपाल आर.एन. रवि ने विधानसभा भंग कर दी थी, जिसके बाद ममता का कार्यकाल खत्म हो गया।

शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड  में बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , गृह मंत्री अमित शाह , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय और राज्य के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

ममता का यह रुख दर्शाता है कि चुनावी हार के बावजूद उनकी राजनीतिक रणनीति और जनता के साथ संपर्क बनाए रखने का तरीका अनूठा और मजबूत है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *