रायपुर । राजधानी के न्यू सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने समान नागरिक संहिता (UCC) समिति के सदस्यों से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों की सुविधा और बेहतर समझ के लिए समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर सरल भाषा में पुस्तक प्रकाशित करने का सुझाव दिया।
डॉ. सलीम राज ने कहा कि यदि यूसीसी के प्रावधानों को सरल और सहज भाषा में लोगों तक पहुंचाया जाए, तो आम नागरिक इसे बेहतर तरीके से समझ सकेंगे। उन्होंने समिति के समक्ष पुस्तक प्रकाशन के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने का सुझाव रखा।
नागरिक दे सकते हैं अपने सुझाव
यूसीसी समिति ने राज्य के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों और आम जनता से यूसीसी के ड्राफ्ट को लेकर अपने सुझाव और विचार साझा करने की अपील की है। नागरिक अपने सुझाव ई-मेल, ऑनलाइन पोर्टल अथवा डाक के माध्यम से समिति तक पहुंचा सकते हैं।
ई-मेल के माध्यम से सुझाव ucc-chhattisgarh@cg.gov.in पर भेजे जा सकते हैं। इसके अलावा समिति के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी सुझाव दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है।
लिखित सुझाव या ज्ञापन कार्यालय, समान नागरिक संहिता (UCC) समिति, कमरा नंबर-202, न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन्स, रायपुर, छत्तीसगढ़-492001 के पते पर स्पीड पोस्ट, साधारण डाक अथवा स्वयं उपस्थित होकर जमा किए जा सकते हैं।
समिति द्वारा प्राप्त सुझावों को यूसीसी से संबंधित आगामी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण इनपुट के रूप में देखा जा रहा है।