रायपुर । समाज कल्याण विभाग द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशासनिक और वित्तीय कार्यदक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026-27 आयोजित किया जा रहा है। राज्य संसाधन एवं पुनर्वास केंद्र, माना कैंप, रायपुर में आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में शासकीय कार्यों के नियमानुसार एवं प्रभावी संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में छत्तीसगढ़ वित्तीय संहिता पर विस्तृत जानकारी दी गई। सेवानिवृत्त वित्त नियंत्रक श्रीमती तृप्ति शर्मा ने वित्तीय नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए शासकीय कार्यों में वित्तीय प्रावधानों के उचित अनुपालन के महत्वपूर्ण पहलुओं को समझाया।
दूसरे सत्र में कार्यालयीन व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अवर सचिव श्री बी.एस. राजपूत ने सर्विस बुक संधारण, नस्तियों के निर्माण एवं रख-रखाव, शासकीय पत्राचार, नोटिंग-ड्राफ्टिंग तथा आवक-जावक प्रक्रिया सहित विभिन्न कार्यालयीन प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों को दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण, शासकीय प्रक्रियाओं के नियमानुसार पालन तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बनाए रखने के लिए आवश्यक बिंदुओं से अवगत कराया गया।
इस राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण का उद्देश्य समाज कल्याण विभाग के अमले की प्रशासनिक क्षमता, वित्तीय समझ और कार्यालयीन दक्षता को मजबूत करना है। इससे विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ हितग्राहियों को अधिक प्रभावी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।