वन विभाग की कार्रवाई से भड़के ग्रामीण, कलेक्ट्रेट घेरकर DFO पर कार्रवाई की मांग

धमतरी | धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जैतपुरी में वन विभाग की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण मंगलवार को धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए डीएफओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस प्रदर्शन को कांग्रेस नेताओं का भी समर्थन मिला।

जानकारी के मुताबिक मामला उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के ग्राम जैतपुरी का है। यहां गरियाबंद डीएफओ अपनी टीम के साथ कथित अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान वन विभाग और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि धक्का-मुक्की के बीच डीएफओ बाल-बाल बच गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम ने बिना पूर्व सूचना और समझाइश के सख्त कार्रवाई की। उनका कहना है कि कई लोगों को जबरन घरों से उठाकर ले जाया गया, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने वन विभाग द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों को भी पूरी तरह गलत बताया है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भी ग्रामीणों का समर्थन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वन विभाग की कार्रवाई से ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल पैदा हुआ है और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।

वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *