अमित शाह से मिलने जा रहे कांग्रेसी बीच रास्ते में रोके गए, दीपक बैज ने सरकार पर बोला हमला

जगदलपुर | जगदलपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान कांग्रेस और पुलिस प्रशासन आमने-सामने आ गए। बस्तर के स्थानीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल गृहमंत्री से मुलाकात करने जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अगुवाई में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राजीव भवन से बैठक स्थल की ओर रवाना हुआ था। प्रतिनिधिमंडल में बस्तर विधायक लकेश्वर बघेल पूर्व पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत कई कांग्रेसी नेता शामिल थे।

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेने जगदलपुर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बस्तर के विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपने की योजना थी। हालांकि मिताली चौक पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस नेताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया।

पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान दीपक बैज ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बस्तर के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने जा रहे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को गृहमंत्री से मिलने नहीं देना सरकार की असहिष्णुता को दर्शाता है।

घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक राजनीतिक माहौल गर्म रहा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे बस्तर के मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *