रायपुर | छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित 31वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर बेसबॉल बालक एवं बालिका प्रतियोगिता में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया।
कवर्धा स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रयास स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण और 2 रजत पदक अपने नाम किए।
ग्रामीण प्रतिभाओं का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा
एमेच्योर बेसबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 24 से 29 मई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कवर्धा के पांच खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ टीम में हुआ था। इनमें बालक वर्ग से चंद्रेश कोर्राम, पंकज मेरावी और शुभम सेन तथा बालिका वर्ग से चांदनी साहू और जयश्री घृतलहरे शामिल रहीं।
बालक टीम बनी राष्ट्रीय चैंपियन
छत्तीसगढ़ की बालक टीम ने मध्यप्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान और दिल्ली जैसी मजबूत टीमों को हराते हुए फाइनल में महाराष्ट्र को 6-2 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में चंद्रेश कोर्राम ने शानदार होमरन लगाकर जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल तीन होमरन लगाए।
बालिका टीम ने जीता रजत पदक
बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ टीम ने दिल्ली, तेलंगाना और मेजबान ओडिशा को हराकर फाइनल में जगह बनाई। हालांकि फाइनल में महाराष्ट्र से हार के बावजूद टीम ने रजत पदक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चांदनी साहू और जयश्री घृतलहरे ने टीम के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना गर्व की बात है और राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस उपलब्धि पर जिलेभर में खुशी का माहौल है और खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।