कोलकाता। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या के मामले में पीड़िता की मां और पनिहाटी से बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ ने सीबीआई जांच की प्रगति पर असंतोष जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने के बावजूद परिवार को अब तक न्याय का इंतजार करना पड़ रहा है।
बैरकपुर में बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान रत्ना देबनाथ ने कहा कि न्याय दिलाने की प्रक्रिया जिस तरह आगे बढ़नी चाहिए थी, उस तरह नहीं बढ़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार बदलने के बाद क्या वास्तव में स्थिति में कोई बदलाव आया है।
राजनीति में नहीं आना चाहती थीं
रत्ना देबनाथ ने कहा कि उनकी बेटी की दर्दनाक मौत के बाद परिवार राजनीति में नहीं आना चाहता था। उन्होंने बताया कि उनके पति कारोबार करते थे और उनकी बेटी ने भी उन्हें राजनीति में आने से मना किया था। लेकिन उन्हें बताया गया कि बंगाल की स्थिति खराब हो चुकी है और शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में गिरावट आई है।
डॉक्टरों की गिरफ्तारी पर उठाया सवाल
बीजेपी विधायक ने सीबीआई की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच एजेंसी की ओर से कहा जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर हैं, इसलिए उन्हें इस तरह गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि जज की ओर से भी डॉक्टरों की गिरफ्तारी को लेकर टिप्पणी की गई थी।
रत्ना देबनाथ ने सवाल किया कि अगर कोई डॉक्टर अपराध में शामिल है और उनकी बेटी की हत्या के मामले में उसकी भूमिका है, तो उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा सकता?
उन्होंने साफ कहा कि परिवार की प्राथमिकता राजनीति नहीं, बल्कि न्याय हासिल करना है और जब तक न्याय नहीं मिलता, उनकी लड़ाई जारी रहेगी।