वॉशिंगटन। ईरान में जारी सैन्य कार्रवाई के बीच अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने अमेरिकी सैनिकों की मौत को लेकर दिए अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि इंटरव्यू के दौरान उनसे बड़ी गलती हुई और उन्होंने अमेरिकी सैनिकों की मौत को लेकर गलत जानकारी दे दी थी।
लुटनिक ने पहले ईरान में सैन्य कार्रवाई के दौरान केवल एक अमेरिकी सैनिक के मारे जाने की बात कही थी। बाद में उन्होंने अपना बयान स्पष्ट करते हुए 18 अमेरिकी सैन्यकर्मियों की मौत की जानकारी दी और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
बोले- सवाल का जवाब देते समय हुई गलती
हॉवर्ड लुटनिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सफाई देते हुए कहा कि जी20 इनोवेशन समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर बातचीत के दौरान उनसे ईरान में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई से जुड़े सवाल पर गलती हुई।
उन्होंने बताया कि उस समय वह वेनेजुएला में हुए सैन्य अभियान के बारे में सोच रहे थे, जिसके कारण उन्होंने गलत जानकारी दे दी और कहा कि किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी की मौत नहीं हुई है।
सैनिकों के बलिदान को लेकर जताया सम्मान
लुटनिक ने कहा कि वह अपनी गलती स्वीकार करते हैं और ईरान युद्ध में मारे गए 18 अमेरिकी सैन्यकर्मियों के परिवारों के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि 9/11 हमले की 25वीं बरसी करीब आने के साथ वह अमेरिकी सेना और देश की सेवा करने वाले सभी पुरुषों और महिलाओं के बलिदान के लिए बेहद आभारी हैं।
अमेरिकी प्रशासन के बयान में हुए इस बदलाव के बाद ईरान संघर्ष में अमेरिकी सैनिकों की मौत और घायल सैनिकों की संख्या को लेकर उठ रहे सवालों को और बल मिला है।