मुंबई | वरुण धवन स्टारर फिल्म है जवानी तो इश्क होना है रिलीज से पहले ही कानूनी विवाद में फंस गई है। फिल्म में बीवी नंबर 1 के लोकप्रिय गाने ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ के इस्तेमाल को लेकर प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने मेकर्स के खिलाफ 400 करोड़ रुपये का कॉपीराइट केस दायर किया है।
वाशु भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट ने आरोप लगाया है कि इन गानों का उपयोग बिना अनुमति किया गया है। उनका कहना है कि उन्होंने केवल म्यूजिक राइट्स दिए थे, जबकि वीडियो और डिजिटल उपयोग की अनुमति नहीं दी गई थी। इसी आधार पर उन्होंने टिप्स इंडस्ट्रीज, प्रोड्यूसर रमेश तौरानी और डायरेक्टर डेविड धवन को पक्षकार बनाया है।
याचिका में फिल्म की रिलीज, डिस्ट्रीब्यूशन, OTT स्ट्रीमिंग और प्रमोशन पर रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही इन दोनों गानों को फिल्म से हटाने और फिल्म का टाइटल बदलने की भी अपील की गई है।
इसके अलावा वाशु भगनानी ने चेतावनी दी है कि यदि गानों का उपयोग जारी रखा गया, तो 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त हर्जाना भी वसूला जाएगा।
यह मामला अब मुंबई हाईकोर्ट में पहुंच चुका है और जल्द ही इसकी सुनवाई शुरू होने की संभावना है।