किरंदुल के छात्र वरदान कुमार गोंड ने संसद भवन में किया दंतेवाड़ा का प्रतिनिधित्व, जिले का बढ़ाया मान

किरंदुल/दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के लिए गौरव का विषय है कि केंद्रीय विद्यालय किरंदुल के छात्र वरदान कुमार गोंड ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

लोकसभा सचिवालय एवं संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (PRIDE) द्वारा 31 अक्टूबर 2026 को संविधान सदन (सेंट्रल हॉल), पार्लियामेंट हाउस कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली में ‘Know Your Leader – राष्ट्रीय नेताओं को श्रद्धांजलि’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देशभर से चयनित युवाओं को आमंत्रित किया गया था, जिसमें दंतेवाड़ा जिले से वरदान कुमार गोंड को सहभागिता का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवाओं को संविधान सदन के गौरवशाली इतिहास, भारतीय संसदीय परंपराओं और देश के महान राष्ट्रीय नेताओं के योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और संसदीय व्यवस्था से परिचित कराना था।

छोटे शहर से संसद भवन तक का सफर बना प्रेरणा

किरंदुल जैसे छोटे शहर के एक छात्र का राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होना क्षेत्र के लिए विशेष उपलब्धि है। वरदान कुमार गोंड की इस सहभागिता से न केवल दंतेवाड़ा जिले का गौरव बढ़ा है, बल्कि क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी।

वरदान की इस उपलब्धि को शिक्षा और युवा प्रतिभाओं के लिए एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। संसद भवन जैसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संस्थान में पहुंचकर राष्ट्रीय नेताओं और संसदीय परंपराओं को करीब से जानने का यह अवसर उनके लिए यादगार अनुभव साबित होगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *