किरंदुल। बैलाडीला की लौह अयस्क खदानों की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की किरंदुल यूनिट सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। क्षेत्र में बढ़ती ठंड को देखते हुए CISF के जवानों ने दुर्गम लोहा गांव एवं पीडिया के आदिवासी ग्रामीणों को कंबल, चादर और गर्म ऊनी कपड़ों का वितरण किया।
सामग्री वितरण कार्यक्रम डिपॉजिट-11सी के धोबी घाट जंक्शन के समीप स्थित आदिवासी विश्राम गृह में आयोजित किया गया। इस दौरान लोहा गांव के मुखिया छन्नू मांडवी सहित करीब 50 ग्रामीण उपस्थित रहे। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। ठंड के मौसम में गर्म कपड़े और कंबल मिलने से ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी नजर आई।
18 किलोमीटर का दुर्गम सफर, आज भी सड़क का इंतजार
बैलाडीला से लोहा गांव की दूरी करीब 18 किलोमीटर है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए एनएमडीसी द्वारा 9 किलोमीटर तक बस सेवा उपलब्ध कराई गई है, जो धोबी घाट 11सी जंक्शन तक पहुंचती है। इसके आगे ग्रामीणों को जंगलों और पहाड़ियों के बीच बनी पगडंडियों से लगभग 9 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ता है।
धोबी घाट 11सी जंक्शन से पहाड़ियों को काटकर फिलहाल करीब 2 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया है। शेष सड़क निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने की योजना है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आज भी ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
नक्सलवाद के साये से निकलकर मुख्यधारा की ओर बढ़ रहा गांव
लोहा गांव कभी लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। एक समय यहां नक्सलियों की तथाकथित ‘जनताना सरकार’ का प्रभाव था और शासन-प्रशासन की पहुंच बेहद सीमित थी। हालांकि, अब परिस्थितियों में बदलाव देखने को मिल रहा है। गांव धीरे-धीरे मुख्यधारा से जुड़ रहा है और ग्रामीणों तक सुविधाएं एवं सामाजिक सहयोग पहुंचने लगा है।
मुखिया छन्नू मांडवी ने जताया आभार
इस अवसर पर लोहा गांव के मुखिया छन्नू मांडवी ने CISF के जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “पहले हमारे गांव को कोई जानता तक नहीं था, लेकिन आज लोग हमारे गांव से जुड़ रहे हैं। हमारे गांव में ठंड बहुत पड़ती है। ऐसे में किरंदुल CISF के जवान गांव के लोगों को गर्म कपड़े, कंबल और चादर दे रहे हैं। इसके लिए हम उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं।”
CISF जवानों की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि सुरक्षा बल केवल अपनी ड्यूटी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने में भी आगे रहते हैं। दुर्गम क्षेत्र के आदिवासी ग्रामीणों के बीच पहुंचकर की गई यह सहायता मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता की एक सराहनीय मिसाल है।