डोंगरगढ़ भाजपा मंडल भंग करने पर बवाल, पदाधिकारियों ने रमन सिंह से पूछा- ‘गलती नहीं तो मंडल क्यों भंग किया?’

राजनांदगांव । डोंगरगढ़ भाजपा मंडल को भंग किए जाने के फैसले के बाद पार्टी के भीतर असंतोष सामने आया है। मंडल पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर मंडल को दोबारा बहाल करने की मांग की।

रविवार शाम डोंगरगढ़ मंडल अध्यक्ष जसमीत बन्नोआना, नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, उपाध्यक्ष, पार्षदों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता स्पीकर हाउस पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. रमन सिंह के सामने मंडल भंग किए जाने को लेकर अपना पक्ष रखा।

‘मंडल की गलती नहीं थी तो भंग क्यों किया?’

पदाधिकारियों का कहना था कि डोंगरगढ़ भाजपा में अंदरूनी विवाद के बाद पांच लोगों को पार्टी से निष्कासित किया गया, लेकिन मंडल की ओर से किसी प्रकार की गलती नहीं होने के बावजूद उसे बिना विश्वास में लिए भंग कर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मंडल की कोई गलती नहीं थी तो उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों की गई?

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि डोंगरगढ़ भाजपा मंडल को पुनः बहाल किया जाए।

रमन सिंह ने दिया अन्याय नहीं होने का भरोसा

बताया गया कि डॉ. रमन सिंह ने डोंगरगढ़ से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बात सुनी। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनके साथ अन्याय नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि संगठन के अजय जामवाल और पवन साय से चर्चा के लिए समय लिया जाएगा। इस चर्चा में डोंगरगढ़ के 10-15 प्रतिनिधियों को भी साथ बैठकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद संगठन स्तर पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।

विवाद और निष्कासन के बाद भंग हुआ था मंडल

डोंगरगढ़ भाजपा में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान और सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप के बाद पांच नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया गया था। इसके बाद डोंगरगढ़ मंडल को भी भंग कर दिया गया।

अब मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद इस मामले ने एक बार फिर भाजपा के स्थानीय संगठन में हलचल बढ़ा दी है। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि संगठन स्तर पर चर्चा के बाद मंडल की बहाली को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *