NEET मुद्दे पर PM आवास के बाहर हंगामा, राहुल गांधी को मनाने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले, संसद मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के निकट जारी रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कुछ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया। इनमें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से छात्रों के मुद्दे पर कार्रवाई और प्रधानमंत्री से मुलाकात की मांग की।

इसी बीच, केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह प्रदर्शन स्थल पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने प्रदर्शन समाप्त करने और स्थिति को सामान्य बनाने का आग्रह किया, जबकि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे मुलाकात की अपनी मांग पर कायम रहे।

हालांकि, बातचीत के बाद भी किसी सहमति की जानकारी सामने नहीं आई और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह वहां से रवाना हो गए।

नीट पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज बनी हुई हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रही है, जबकि सरकार का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *