संसद में पहले दिन ही घमासान, विपक्ष ने उठाए NEET और राम मंदिर चढ़ावा मामले सदन स्थगित

नई दिल्ली । संसद के मानसून सत्र 2026 की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने NEET-UG पेपर लीक और अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों समेत कई मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

सत्र के पहले दिन विपक्षी सांसद विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर नारेबाजी करते नजर आए। कई सांसद पोस्टर और बैनर लेकर सदन में पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। कुछ विपक्षी सदस्य लोकसभा अध्यक्ष के आसन के पास तक पहुंच गए।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने और कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को संसदीय नियमों के तहत अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा।

विपक्ष की मांग है कि NEET-UG पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा मामले और अन्य जनहित के मुद्दों पर सदन में विस्तृत चर्चा कराई जाए। वहीं, सरकार मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है।

इससे पहले संसद की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक में सत्र के दौरान छह विधेयकों पर चर्चा का एजेंडा तय किया गया था। सरकार की ओर से कई अहम विधायी कार्यों को आगे बढ़ाने की तैयारी है।

वहीं, राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा मामला है और उनकी आवाज को सुना जाना चाहिए।

बता दें कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी, जबकि विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति के साथ मैदान में है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *