समृद्धि एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, टक्कर के बाद लगी आग में कार सवार 6 लोगों ने गंवाई जान

वर्धा । महाराष्ट्र के समृद्धि एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। वर्धा जिले के विरुल गांव के पास तेज रफ्तार कार इथेनॉल से भरे टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना तड़के करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि इथेनॉल से भरा टैंकर पहले ही किसी कारण से हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त होकर खड़ा था, जिसके चलते यातायात का मार्ग बदला गया था। इसी दौरान पुणे से वर्धा की ओर जा रही एक कार टैंकर से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही देर में कार आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।

हादसे में कार सवार अंकुश राऊत, राजेश टिपले, जाह्नवी टिपले और सुषमा टिपले की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतकों में जुड़वां बहनें भी शामिल थीं, जो पुणे से एडमिशन संबंधी काम पूरा कर वापस लौट रही थीं। वहीं, टैंकर चालक संजय कुमार और क्लीनर समरजीत पाल की भी आग में झुलसने से मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार, भारी वाहनों की सुरक्षा और हाईवे प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *