एकलव्य विद्यालयों में गणवेश-मेस व्यवस्था में होगी एकरूपता, मंत्री नेताम ने दिए निर्देश

रायपुर । आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर स्थित टीआरटीआई के सभाकक्ष में आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति के संचालक मंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

मंत्री श्री नेताम ने एकलव्य विद्यालयों में गणवेश, मेस संचालन, भोजन व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं में एकरूपता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नेस्ट्स एवं राज्य सरकार के भर्ती नियमों के अनुरूप निर्धारित योग्यता रखने वाले एकलव्य विद्यालयों के पूर्व अतिथि शिक्षकों को पुनः अवसर प्रदान करने के विषय पर भी सहमति बनी। मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इस दौरान एकलव्य विद्यालयों की चतुर्थ राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी भी दी गई। नवंबर 2025 में ओडिशा के सुंदरगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 466 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल करते हुए 55 स्वर्ण पदक सहित कुल 126 पदक जीते।

मंत्री श्री नेताम ने इस उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों की सराहना करते हुए खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक के दौरान मंत्री श्री नेताम ने टीआरटीआई द्वारा प्रकाशित ‘गुमनाम जननायक’ पुस्तक का विमोचन भी किया। साथ ही शहीद वीरनारायण सिंह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सह स्मारक में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत सुश्री अंबिका ध्रुव के नगर सैनिक के पद पर चयनित होने पर उनका सम्मान किया।

इस अवसर पर विभाग के सचिव श्री भुवनेश यादव, आयुक्त श्री राहुल वेंकट, टीआरटीआई की संचालक श्रीमती हिना अनिमेष नेताम, संचालक मंडल के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *