रायपुर । उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज जांजगीर जिला मुख्यालय में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। नगरीय निकायों में स्वीकृति एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुके कार्यों को तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी भी व्यक्त की।
उन्होंने जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनके कार्य समय-सीमा में पूरा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने 15वें वित्त आयोग और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के साथ जल आवर्धन योजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्रोत पर कचरा पृथक्करण और संग्रहण को प्रभावी बनाने, एनर्जी बिल ऑडिट कराने तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हितग्राही मूलक योजनाओं के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने और प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने को कहा। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और सड़कों पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश भी दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए श्री साव ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण एवं हैंडओवर हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन और नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता बताते हुए पेयजल योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पंचायत और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिभावान खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने और आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने पर जोर दिया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और सम्मानपूर्वक व्यवहार करने को कहा, ताकि उनकी समस्याओं का समय पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में जांजगीर-चांपा कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, सक्ती कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।