रायपुर | छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान को प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत वन महोत्सव के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नवागांव (पेण्ड्रा) स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पौधे पहुंचाने के उद्देश्य से ‘एटीएम ट्री’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, जनसहभागिता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए साइकिल स्टैंड निर्माण की घोषणा की। वहीं जनपद सदस्य पूर्णिमा पैकरा ने विद्यालय में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए ₹5 लाख देने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने अभियान को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रेरणादायी प्रयास बताते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने बादाम, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने आंवला, कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आम तथा वनमण्डलाधिकारी ग्रीष्मी चांद ने कदम का पौधा रोपित किया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भी विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर, पेंड्रा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राकेश जालान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, सरपंच नरेश पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, एनसीसी, स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए प्रदेशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान हरित, स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आगे बढ़ रहा है।