मुंबई एयरपोर्ट पर 2 कुख्यात गैंगस्टर गिरफ्तार: विदेश भागने की कोशिश नाकाम, जॉइंट ऑपरेशन में बड़ी सफलता

मुंबई। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े संयुक्त ऑपरेशन में दो कुख्यात गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस, मुंबई पुलिस, सीआईएसएफ और इमिग्रेशन अधिकारियों की समन्वित टीम द्वारा की गई।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी विदेश भागने की कोशिश में थे और फर्जी दस्तावेजों के सहारे यात्रा करने की तैयारी में थे। गिरफ्तार किए गए गैंगस्टरों की पहचान जसवंत सिंह उर्फ जस्सा और करन कीड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, जसवंत सिंह उर्फ जस्सा का संबंध कुख्यात बंबीहा गैंग से बताया जा रहा है और वह लंबे समय से हत्या, फिरौती और गैंगवार जैसे कई मामलों में वांछित था। वहीं, करन कीड़ा पर एक हाई-प्रोफाइल अकाली पार्षद हत्याकांड में मुख्य आरोपी होने का आरोप है और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

खुफिया इनपुट के आधार पर एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि दोनों आरोपी मुंबई एयरपोर्ट के जरिए विदेश भागने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया और दोनों को एयरपोर्ट से ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस ने मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। दोनों आरोपियों को अब मुंबई की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें पंजाब ले जाया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *