नई दिल्ली। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर देशभर में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। मस्जिदों, ईदगाहों और मदरसों में सुबह से ही नमाज अदा की गई और देश में अमन-चैन व भाईचारे की दुआएं मांगी गईं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं और विशेष संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में भाईचारे और खुशी की भावना को और मजबूत करता है। पीएम मोदी ने सभी नागरिकों के अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना भी की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा का यह अवसर सामाजिक सौहार्द और एकता को बढ़ावा दे।
इसी मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और इसे त्याग, समर्पण और मानवता की सेवा का प्रतीक बताया।
वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए लोगों के जीवन में खुशहाली और एकता की कामना की।
इस बीच देश के विभिन्न राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उत्तर प्रदेश में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है, जबकि महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।