बांगो बांध के 2 गेट बंद, अब 7 जलद्वारों से पानी की निकासी; दर्री बांध के 4 गेट खुले

सक्ती । मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में पानी की आवक कम होने के कारण जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। स्थिति को देखते हुए उच्चाधिकारियों से चर्चा और उनके निर्देशानुसार बांध के दो जलद्वार बंद कर दिए गए हैं। अब कुल 7 जलद्वारों के माध्यम से अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. भारती ने बताया कि 19 अगस्त को शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे के बीच बांध में पानी की आवक कम रही। इस दौरान पिछले तीन घंटों में जलस्तर में करीब 3 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। जलभराव को नियंत्रित करने के लिए जलद्वारों की कुल ओपनिंग 6.00 मीटर से घटाकर 5.00 मीटर कर दी गई है।

वर्तमान में बांध से 7 जलद्वारों और पावर हाउस के माध्यम से अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। शाम 7:30 बजे बांध का जलस्तर 358.24 मीटर, यानी 91.54 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस समय बांध में पानी का इनफ्लो 23,732 क्यूसेक और आउटफ्लो 35,807 क्यूसेक रहा।

जल संसाधन विभाग द्वारा बांध के जलस्तर, पानी की आवक और निकासी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जलप्रवाह की स्थिति के अनुसार जलद्वारों के संचालन में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में दर्री बांध के भी 4 गेट खोले गए हैं। विभाग द्वारा दोनों बांधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि जल निकासी को सुरक्षित और नियंत्रित तरीके से संचालित किया जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *