कांकेर । भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री कुंदन कुमार (भाप्रसे-2014 बैच) ने गुरुवार को कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवपदस्थ कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी एवं समुचित क्रियान्वयन उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जिले के अंतिम छोर पर रहने वाले पात्र लोगों तक भी शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा।
उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कांकेर जिला अग्रणी रहे। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी टीम भावना के साथ आपसी समन्वय और सामंजस्य से कार्य करें। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय, जवाबदेही और जनहित को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
प्रशासनिक अनुभव से समृद्ध है कार्यकाल
श्री कुंदन कुमार छत्तीसगढ़ कैडर आवंटन के बाद वर्ष 2016-17 में कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर अनुभाग में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके बाद वर्ष 2017 से 2019 तक वे कवर्धा जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं शुगर मिल के प्रबंध निदेशक रहे।
उन्होंने वर्ष 2019-20 में जिला पंचायत दुर्ग और वर्ष 2020-21 में जिला पंचायत कोरबा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में कार्य किया। वर्ष 2021-22 में वे बलरामपुर जिले के कलेक्टर तथा 2022-23 में अंबिकापुर जिले के कलेक्टर रहे।
इसके बाद वर्ष 2024-25 में उन्होंने संचालक नगरीय प्रशासन, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल तथा नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण दायित्व संभाले। अप्रैल 2025 से 19 अगस्त 2026 तक वे मुंगेली जिले के कलेक्टर रहे।
विभिन्न प्रशासनिक पदों पर व्यापक अनुभव के बाद अब श्री कुंदन कुमार ने कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाली है। उनके पदभार ग्रहण करने से जिले में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।