PoK में बवाल: आंदोलन दबाने के लिए नाकेबंदी का आरोप, राशन-दवा और ईंधन की किल्लत से बढ़ा संकट

इस्लामाबाद: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में सरकार विरोधी आंदोलन के बीच हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। पिछले दो हफ्तों से जारी प्रदर्शन के बीच स्थानीय लोगों और प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि इलाके में खाद्य सामग्री, ईंधन और जरूरी दवाओं की सप्लाई रोक दी गई है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आंदोलन को दबाने के लिए पाकिस्तान प्रशासन ने क्षेत्र की नाकेबंदी कर दी है। कई इलाकों में जरूरी सामान लेकर जाने वाले ट्रकों और वाहनों को रोके जाने का दावा किया जा रहा है। इसके चलते लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के सामान की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों और विपक्षी नेताओं के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा, रावलपिंडी और इस्लामाबाद से सामान लाने वाले वाहनों को चेक पोस्ट पर रोका जा रहा है। राशन और दवाइयों से भरे कई वाहन कथित तौर पर कई दिनों से खड़े हैं।

हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने किसी भी तरह की आधिकारिक नाकेबंदी से इनकार किया है।

आंदोलन में हजारों लोग शामिल

PoK में चल रहे इस आंदोलन का नेतृत्व जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी कर रही है। रावलाकोट के ईदगाह मैदान में चल रहे धरने में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांगों में आर्थिक समस्याओं का समाधान और स्थानीय मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही की मांग शामिल है।

वहीं, लंबे समय से जारी बंद और विरोध प्रदर्शन के कारण PoK में आम जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। बाजार, परिवहन और जरूरी सेवाओं पर भी असर पड़ा है।

स्थिति को देखते हुए इलाके में तनाव बना हुआ है और लोगों की नजर अब सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *