नई दिल्ली। बढ़ती ईंधन कीमतों और कच्चे तेल पर आयात निर्भरता कम करने की दिशा में भारत ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में देश के पहले E85 फ्लेक्स फ्यूल और पहले E85 फ्यूल स्टेशन का उद्घाटन किया। सरकार के मुताबिक यह ईंधन मौजूदा E20 पेट्रोल की तुलना में 20 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता होगा।
देश का पहला E85 फ्यूल डिस्पेंसर दिल्ली के पूसा रोड स्थित इंडियन ऑयल आउटलेट पर शुरू किया गया है। दिल्ली में जहां E20 पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर है, वहीं E85 ईंधन 82.12 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि E85 एक फ्लेक्स फ्यूल है, जिसमें 85 प्रतिशत एथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका उपयोग केवल फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक वाली गाड़ियों में ही किया जा सकता है। सामान्य E20 वाहनों में इसका इस्तेमाल संभव नहीं है।
सरकार का कहना है कि E85 फ्यूल के इस्तेमाल से न केवल वाहन चालकों का खर्च कम होगा, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी। इसके अलावा एथेनॉल की बढ़ती मांग से किसानों को लाभ मिलेगा और देश की विदेशी कच्चे तेल पर निर्भरता भी घटेगी।
हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन कार्यक्रम के जरिए भारत अब तक करीब 1.85 लाख करोड़ रुपये की बचत कर चुका है। उन्होंने कहा कि भारत की ऊर्जा मांग वैश्विक औसत से लगभग तीन गुना तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में वैकल्पिक और स्वदेशी ईंधन स्रोतों को बढ़ावा देना समय की जरूरत है।
सरकार को उम्मीद है कि E85 फ्लेक्स फ्यूल की शुरुआत से ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।