CJP के प्रदर्शन पर दिल्ली हाई अलर्ट, जंतर-मंतर से PM आवास तक कड़ी सुरक्षा

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जंतर-मंतर सहित नई दिल्ली के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है।

दिल्ली पुलिस ने CJP को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी है। संगठन शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।

जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में भारी बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शन स्थल और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जा रही है। नई दिल्ली जिले को कई सुरक्षा जोन में बांटकर हजारों पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

प्रदर्शन के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह एक स्प्रे लेकर प्रदर्शनकारियों की भीड़ में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसके इरादों की जांच की जा रही है।

इस बीच, प्रधानमंत्री आवास, केंद्रीय गृह मंत्री आवास और अन्य संवेदनशील सरकारी परिसरों के आसपास सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा इकाइयों को तैनात किया गया है।

पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रदर्शनकारियों को निर्धारित शर्तों का पालन करने की चेतावनी दे रही है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि प्रदर्शन क्षेत्र से बाहर निकलने या संसद मार्ग की ओर बढ़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *