मुंबई। ओटीटी प्लेटफॉर्म Prime Video ने अपनी नई ओरिजिनल क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘राख’ (Raakh) का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह सीरीज 12 जून से दुनिया भर के 240 देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम होगी।
1970 के दशक के अंत की दिल्ली की पृष्ठभूमि पर आधारित इस सीरीज की कहानी एक सनसनीखेज अपराध के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी दहशत पैदा कर दी थी।
सीरीज में मोना अरोड़ा का किरदार सोनाली बेंद्रे निभा रही हैं, जबकि लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक अरोड़ा के रोल में आमिर बशीर नजर आएंगे। कहानी तब मोड़ लेती है जब उनके बच्चे का रहस्यमय तरीके से अपहरण हो जाता है और एक परिवार उसे खोजने के लिए संघर्ष में उतरता है।
जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश के रूप में अली फज़ल निभा रहे हैं। वह इस मामले की तह तक जाते हुए ऐसे रहस्यों और आपराधिक मानसिकताओं से रूबरू होते हैं, जो कहानी को और गहरा बनाते हैं।
सीरीज का निर्देशन और कार्यकारी निर्माण प्रोसित रॉय ने किया है, जबकि इसे अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने लिखा और सह-निर्देशित किया है।
ट्रेलर में दिखाए गए भावनात्मक और रहस्यमयी दृश्य दर्शकों को काफी प्रभावित कर रहे हैं। अब दर्शकों की नजरें 12 जून को होने वाली इसकी रिलीज पर टिकी हैं।