नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शिक्षा मंत्रालय से जुड़ी आग की घटना को लेकर फैली खबरों पर मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय ने कहा है कि आग उसके मुख्य कार्यालय में नहीं लगी थी, बल्कि यह घटना स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) परिसर में हुई थी।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार उसका मुख्य कार्यालय कर्तव्य भवन-2, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड, नई दिल्ली में स्थित है और वहां किसी भी प्रकार की आग की घटना नहीं हुई। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि जिस स्थान पर आग लगी, वह SPA परिसर का हिस्सा है जो इंद्रप्रस्थ एस्टेट, ITO क्षेत्र में आता है।
मंत्रालय ने बताया कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में गलत तरीके से यह दावा किया गया कि आग शिक्षा मंत्रालय के दफ्तर में लगी थी, जबकि यह पूरी तरह भ्रामक है। घटना में मंत्रालय की किसी भी बिल्डिंग को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
इस बीच, दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार उन्हें सुबह करीब 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर 8 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता जयराम रमेश ने इसे गंभीर मामला बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
फिलहाल अधिकारियों ने आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन मंत्रालय ने साफ किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।