चंबा/लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसा चंबा और लाहौल-स्पीति जिले की सीमा पर स्थित पांगी-उदयपुर मार्ग पर हुआ, जहां पहाड़ से अचानक बड़े-बड़े पत्थर गिरने से एक टाटा सूमो वाहन उसकी चपेट में आ गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा लाहौल-स्पीति जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कड़ू नाला के पास हुआ। वाहन में सवार लोग पांगी घाटी से उदयपुर की ओर जा रहे थे, तभी पहाड़ी दरकने से भारी मलबा और पत्थर गाड़ी पर आ गिरे। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर HP01M2210 है। हादसे में चालक बीर सिंह समेत कुल 13 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में छह महीने का एक बच्चा भी शामिल है। दो लोग हादसे में सुरक्षित बच गए हैं।
दुर्गम क्षेत्र होने से राहत कार्य में चुनौती
घटनास्थल बेहद दुर्गम इलाके में होने के कारण राहत और बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने से प्रशासन को हादसे की जानकारी जुटाने में भी परेशानी हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन, बीआरओ और बचाव दल मौके के लिए रवाना किए गए।
चंबा के भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनकराज ने हादसे की जानकारी साझा करते हुए बताया कि सभी मृतक चंबा जिले की पांगी घाटी के रहने वाले थे। उन्होंने जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी से मन बेहद व्यथित है और उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने और राहत कार्यों को तेज करने के प्रयास किए जा रहे हैं।