सासाहोली में श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ शीतला माता पहुंचनी कार्यक्रम, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

तिल्दानेवरा। ग्राम सासाहोली स्थित शीतला माता मंदिर में आषाढ़ अमावस्या के अवसर पर पारंपरिक माता पहुंचनी का धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। शीतला समिति एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता शीतला का आशीर्वाद लिया।

गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक चला। आयोजन की शुरुआत विधि-विधान से माता शीतला की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा। शीतला समिति के सदस्यों ने मांदर, झांझ और मंदिरा की थाप पर जसगीतों का गायन किया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

माता के दर्शन और पूजा के लिए ग्रामीण महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और गांव की खुशहाली की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद मंदिर के बैगा द्वारा श्रद्धालुओं को श्रीफल और प्रसाद का वितरण किया गया।

परंपरा के अनुसार आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं पर नीम जल का छिड़काव भी किया गया। ग्रामीण मान्यता के अनुसार जुड़वास की यह परंपरा गांव को मौसमी बीमारियों और महामारी से बचाने, आरोग्य का संदेश देने तथा वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने का प्रतीक मानी जाती है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर शीतला माता की भव्य महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने माता के जयकारों के साथ धार्मिक आयोजन का समापन किया। आयोजन को सफल बनाने में शीतला समिति के सदस्यों और ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *