भोपाल । राजधानी भोपाल में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन और झांकियों के चल समारोह को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। बुधवार को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि यातायात को वैकल्पिक रास्तों से संचालित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपने मार्ग की जानकारी जरूर लें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।
7 हजार से अधिक प्रतिमाओं का होना है विसर्जन
प्रशासन के अनुसार, भोपाल में अब तक 883 छोटी-बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है। इस बार शहर में 7 हजार से अधिक प्रतिमाओं के विसर्जन का अनुमान है। इसके लिए खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा और अन्य निर्धारित घाटों पर व्यवस्था की गई है।
बुधवार सुबह 9 बजे से प्रमुख विसर्जन स्थलों पर प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हुआ, जबकि रात 8 बजे से शहर में विभिन्न समितियों के चल समारोह और झांकियां निकलेंगी। इनके कारण पुराने शहर सहित कई इलाकों में देर रात तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
शाम 5 बजे से इन मार्गों पर प्रतिबंध
चल समारोह को देखते हुए पुराने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।
- शाम 5 बजे से: भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज के बीच सिटी बस, मैजिक और चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
- शाम 6 बजे से: मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती और पुरानी सब्जी मंडी की ओर से घोड़ा नक्कास तथा बस स्टैंड की तरफ जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा।
- झांकियों के आगे बढ़ने पर: नादरा बस स्टैंड, भारत टॉकीज, मंगलवारा, जुमेराती, पीरगेट और रेतघाट के आसपास जरूरत के अनुसार यातायात रोका जाएगा।
- भदभदा क्षेत्र में: चल समारोह के दौरान भदभदा से सिटी डिपो चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर भी प्रतिबंध रहेगा।
ये प्रतिबंध जुलूसों की स्थिति के अनुसार लागू होंगे। वाहन चालकों को मौके पर तैनात यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा।
भारी वाहनों की एंट्री 24 घंटे बंद
यातायात पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह 8 बजे से गुरुवार सुबह 8 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा, इस्लाम नगर, चौपड़ा कला, पटेल नगर, रातीबड़, लालघाटी, एयरपोर्ट चौराहा, करोंद, भानपुर और रत्नागिरी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।
रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते
भारत टॉकीज चौराहे के आसपास यातायात प्रतिबंधित रहने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
- रेलवे स्टेशन के लिए: अशोका गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज, मैदा मिल और एमपी नगर की ओर से आने-जाने का विकल्प रहेगा।
- बोगदा पुल से आने वाले वाहन: प्रभात चौराहे के रास्ते आगे जा सकेंगे।
- अल्पना टॉकीज से नादरा बस स्टैंड: संगम टॉकीज तिराहा रोड और अग्रवाल धर्मशाला के समानांतर मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
- बस यात्रियों के लिए: इंदौर और सीहोर की ओर से आने वाली बसें खजूरी व मुबारकपुर बायपास होते हुए हलालपुर बस स्टैंड पहुंचेंगी। आईएसबीटी से चलने वाली बसों के मार्गों में भी बदलाव किया गया है।
इन घाटों पर की गई विसर्जन की व्यवस्था
प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए शहर में खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा, आर्च ब्रिज, मालीखेड़ी, सीहोर नाका, अनंतपुरा, ईंटखेड़ी और नरोन्हा सांकल सहित 11 स्थानों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। घाटों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्गा विसर्जन और झांकियों के दौरान पुराने शहर में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
यातायात संबंधी परेशानी या मार्ग की जानकारी के लिए नागरिक भोपाल यातायात पुलिस की हेल्पलाइन 0755-2677340 पर संपर्क कर सकते हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड या एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से पर्याप्त समय लेकर निकलें और यात्रा शुरू करने से पहले यातायात के ताजा निर्देशों की जानकारी जरूर लें |