‘आज किंग्सवे हमेशा के लिए मिट गया…’, नेताजी की प्रतिमा का अनावरण कर बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (8 सितंबर, 2022) को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के इंडिया गेट के पास स्थित भव्य और आकर्षक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति का अनावरण किया। ये अनावरण समारोह बेहद खास रहा। नेताजी की मूर्ति का अनावरण ‘आजाद हिंद फौज’ के पारंपरिक गीत ‘कदम, कदम बढ़ाए जा’ की धुन के बीच किया गया।

बता दें कि, वो  नेताजी ही थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ स्वतंत्रता से पहले ‘आजाद हिंद फौज’ का गठन कर दिया था। ऐसे वीर स्वतंत्रता सेनानी की मूर्ति के अनावरण के अवसर पर श्रेष्ठ भारत और अनेकता में एकता की भावना को प्रदर्शित करने के लिए भारत के हर कोने से आए 500 नर्तकों द्वारा एक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, ‘आज एक नई प्रेरणा और ऊर्जा प्राप्त हुई है। आज हम बीते हुए कल को छोड़कर आने वाले कल की तस्वीर में नए रंग भर रहे हैं। आपको हर ओर यह नई आभा नज़र आ रही है। यह नए भारत के आत्मविश्वास की आभा है। आज से किंग्सवे हमेशा के लिए मिट गया। मैं गुलामी की एक और पहचान से मुक्ति के लिए देशवासियों को बधाई देता हूँ। आज इंडिया गेट के पास राष्ट्रनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति स्थापित की गई है। जहाँ कभी जॉर्ज पंचम की मूर्ति थी, आज उसी जगह पर नेताजी की प्रतिमा लगाकर आधुनिक और सशक्त भारत की प्राण प्रतिष्ठा कर दी है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि आजादी के साथ ही हमारे महानायक को भुला दिया गया और उनके प्रतीकों को अनदेखा कर दिया गया। उन्होंने याद किया कि उन्हें सुभाष बाबू की जन्मजयंती पर उनके घर जाने का अवसर प्राप्त हुआ था, जहाँ उन्होंने उनकी अनंत ऊर्जा को महसूस किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज देश की कोशिश है कि नेताजी की वही ऊर्जा पूरे देश का पथ प्रदर्शन करे। पीएम मोदी ने कहा कि, ‘कर्तव्य पथ’ पर नेताजी की प्रतिमा इसका माध्यम बनेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *