दीपक चाहर के प्रैक्टिस ग्राउंड से चोरी हुए तीन महंगे बैट बोले- पैसे ले लो लेकिन बल्ले वापस कर दो

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर से जुड़ी एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। प्रैक्टिस के दौरान उनके तीन क्रिकेट बैट चोरी हो गए, जिनकी कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई गई है। खुद दीपक चाहर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर इस घटना की जानकारी दी और चोरी करने वाले से बैट वापस करने की अपील की।

दीपक के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब वह ग्राउंड पर प्रैक्टिस कर रहे थे। उन्होंने बताया कि चोरी हुए तीनों बल्ले बेहद अच्छी क्वालिटी के थे और उनके लिए इनकी कीमत सिर्फ पैसों तक सीमित नहीं है।

‘बैट वापस कर दो, पैसे मैं दे दूंगा’

वीडियो में दीपक चाहर ने कहा कि चोरी करने वाले व्यक्ति को शायद इन बल्लों की वास्तविक कीमत का अंदाजा नहीं है। उन्होंने चिंता जताई कि कहीं वह इन्हें कम कीमत पर बेच न दे या सामान्य तौर पर इस्तेमाल न कर ले।

दीपक ने अपील करते हुए कहा कि तीनों बैट की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर चोरी करने वाले को पैसों की जरूरत थी तो वह उनसे पैसे ले सकता था, लेकिन उनके बल्ले वापस कर दे।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि इस मामले में उनके पास पुलिस में शिकायत करने के अलावा यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक जाने का विकल्प भी है। हालांकि, उनका मुख्य आग्रह यही रहा कि बैट वापस कर दिए जाएं।

लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं दीपक

दीपक चाहर ने जुलाई 2018 में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। चोटों के कारण उनका अंतरराष्ट्रीय करियर लगातार प्रभावित रहा है। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 1 दिसंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रायपुर में खेला था।

दीपक ने अब तक भारत के लिए 13 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। करीब तीन साल से वह भारतीय टीम से बाहर हैं, लेकिन आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं।

मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं दीपक

दीपक चाहर इस समय इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। 2024 के आईपीएल मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 9.25 करोड़ रुपये में खरीदा था।

फिलहाल दीपक का पूरा ध्यान क्रिकेट में वापसी पर है। इसी बीच प्रैक्टिस ग्राउंड से उनके तीन बल्लों की चोरी की घटना सामने आने के बाद उनका सोशल मीडिया वीडियो चर्चा में है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *