रायपुर में गूंजा तिरंगा, CM साय बोले- वीरों के बलिदान से मिली आजादी, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी निकलेगी यात्रा

रायपुर । राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘मोर तिरंगा, मोर अभिमान-हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में प्रदेश के मंत्री, विधायक, भाजपा नेता-कार्यकर्ता, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत रायपुर के इंडोर स्टेडियम से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे लोगों और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सजे माहौल के बीच यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

इन मार्गों से होकर गुजरी तिरंगा यात्रा

इंडोर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची।

यात्रा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के अलावा मंत्री राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी रजवाड़े, विधायक राजेश मूणत और सुनील सोनी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

CM साय बोले- आसानी से नहीं मिली आजादी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में बांधकर रखता है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित अनेक स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों ने त्याग एवं बलिदान दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों से अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील का भी उल्लेख किया।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी निकलेगी तिरंगा यात्रा

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के वीर जवानों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि अब उन क्षेत्रों में भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव रहा था।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह देश के वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और लोगों में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।

यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी ने राजधानी में देशभक्ति का माहौल बना दिया। युवाओं और स्कूली बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *