अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर क्षेत्र में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि प्रशासनिक सेवा संघ ने भी कड़ा रुख अपनाया है।
जानकारी के अनुसार, मैनपाट तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो व उनके समर्थकों के बीच 27 मई को विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जो बाद में मारपीट तक पहुंचने के आरोपों में बदल गई।
एक ओर विधायक की बहन सीमा धनकी ने नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए सीतापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं दूसरी ओर नायब तहसीलदार ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए अलग से शिकायत दी है।
इस पूरे मामले पर कलेक्टर अजीत बसंत ने कहा है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर घटना की निंदा की है और नायब तहसीलदार के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक हड़ताल पर जा सकते हैं।
फिलहाल मामला प्रशासन और पुलिस जांच के दायरे में है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।