रायपुर । छत्तीसगढ़ में मानव-हाथी द्वंद्व को कम करने और वन क्षेत्रों से लगे गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए वन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कोरबा प्रवास के दौरान पुतका पहाड़ का निरीक्षण किया और कॉफी प्वाइंट में हाथी मित्र दल के सदस्यों को सुरक्षा उपकरण किट वितरित किए।
हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी में अहम भूमिका
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हाथी मित्र दल के सदस्य हाथियों की गतिविधियों की लगातार निगरानी करने, ग्रामीणों को समय पर सतर्क करने और मानव-हाथी टकराव की घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण और जंगल से लगे क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने कहा कि हाथी वन पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और वन विभाग के मैदानी अमले के साथ बेहतर समन्वय से मानव-हाथी द्वंद्व की घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर
हाथी मित्र दल के सदस्यों को मोटरसाइकिल और सुरक्षा किट उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे मैदानी क्षेत्रों में अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। सुरक्षा उपकरणों के वितरण के दौरान मंत्री कश्यप ने दल के सदस्यों से उनकी कार्य संबंधी चुनौतियों और सुरक्षा जरूरतों की जानकारी भी ली।
उन्होंने हाथी मित्र दल के सदस्यों को सुरक्षित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि वन विभाग मैदानी कर्मचारियों की सुरक्षा एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर गोपाल मोदी, जोगेश लांबा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।