CM साय का दिल्ली दौरा: नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात, छत्तीसगढ़ के विकास और निवेश पर हुई चर्चा

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली दौरे के बाद शनिवार को रायपुर लौट आए। दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के विकास, निवेश और प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ में निवेश की बड़ी संभावनाएं

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान उन्हें इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश में 800 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आ चुका है और आने वाले समय में निवेश के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ विकास की गति को और तेज करने पर सरकार का विशेष फोकस है।

बिहार के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात

दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहार के मुख्यमंत्री से भी सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने सभी केंद्रीय मंत्रियों को भी छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री जल्द ही प्रदेश का दौरा करेंगे।

पेपर लीक मामले पर CM साय का सख्त रुख

कृषि विश्वविद्यालय में सामने आए पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रकरण की जांच जारी है। पुलिस अब तक मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी लोग दोषी या संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को केंद्र के समक्ष रखने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग एवं निवेश की संभावनाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *