रायपुर। नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा ने आज साप्ताहिक बैठक में निगम अधिकारियों को विभिन्न निर्देश दिए। आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर उनसे सम्पूर्ण बकाया राजस्व वसूलने और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सभी 10 जोनों के लिए प्रतिदिन एक करोड़ रुपए राजस्व वसूलने का लक्ष्य तय किया गया है।
आयुक्त ने यह भी कहा कि 30 जून 2026 तक संपत्ति कर की वर्ष 2026-27 की अदायगी करने पर संपत्ति करदाताओं को 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी जोनों के राजस्व अमले को हाल की वसूली पर निगम हित में निरंतर फोकस रखने का निर्देश दिया। बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, जोन कमिश्नर, उपायुक्त और सहायक अभियंता मौजूद रहे।
बारिश से पहले रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के निर्देश
आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को मानसून की पहली बारिश से पहले शहर के अधिकतम क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन के लिए रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बारिश में जलभराव वाले स्थलों को चिन्हित कर वहां प्राथमिकता से यह सिस्टम लगाया जाए। साथ ही उन्होंने नगर क्षेत्र में भूजल स्तर सुधार और अवैध निर्माण के सभी मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इस पहल से रायपुर में राजस्व वसूली के साथ-साथ जल संरक्षण और अवैध निर्माण पर नियंत्रण की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।