बलौदाबाजार । जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी शामिल होकर कुराश, रग्बी और नेटबॉल में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रतियोगिता की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ ऑफिशियल्स समेत कुल 580 प्रतिभागियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है, जिसमें 240 बालक, 240 बालिका और 100 ऑफिशियल्स शामिल होंगे।
तीन खेलों में होगी स्पर्धा
प्रतियोगिता के तहत कुराश में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। रग्बी में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका तथा नेटबॉल में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका प्रतिस्पर्धा करेंगे।
अलग-अलग संभागों के खिलाड़ियों के लिए आवास व्यवस्था
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए बलौदाबाजार के विभिन्न स्कूलों में आवास की व्यवस्था की गई है। रायपुर और सरगुजा संभाग के बालक-बालिकाओं के लिए सेजेस एमडीव्ही अंग्रेजी विद्यालय एवं लक्ष्मी प्रसाद कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में व्यवस्था रहेगी।
बिलासपुर संभाग के खिलाड़ियों के लिए शाश्वत अंग्रेजी माध्यम विद्यालय और संस्कार उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग संभाग के लिए ज्ञान गंगा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी स्कूल, जबकि बस्तर संभाग के खिलाड़ियों के लिए पं. चक्रपाणि शुक्ल सेजेस हिंदी माध्यम विद्यालय और गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल में आवास की व्यवस्था की गई है।
इन स्थानों पर होंगे मुकाबले
-
कुराश: नगर भवन, बलौदाबाजार
-
नेटबॉल: जिला स्टेडियम (लॉन टेनिस मैदान), बलौदाबाजार
-
रग्बी: पं. चक्रपाणि शुक्ल सेजेस हिंदी माध्यम विद्यालय, बलौदाबाजार
चार दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों के स्कूली खिलाड़ी खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर संबंधित विभाग द्वारा खिलाड़ियों की सुविधा, आवास और प्रतियोगिता स्थलों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।